शक्ति दिवस एवं अमर क्रांतिकारी शहीद गेंद सिंह जी के 201वीं शहादत दिवस समारोह के लिए दिया आमंत्रण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ हल्बा-हल्बी समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने सौजन्य मुलाकात की।
प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि समाज द्वारा 27 दिसंबर 2025 को दुर्ग जिले के पुलगांव में सामाजिक सम्मेलन एवं शक्ति दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 20 जनवरी 2026 को रायपुर में क्रांतिकारी अमर शहीद गेंद सिंह जी के 201वीं शहादत दिवस समारोह का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल होने हेतु सादर आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए हल्बा-हल्बी समाज के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की सांस्कृतिक विरासत और प्रेरणादायी इतिहास की सराहना की। उन्होंने दोनों आयोजनों की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर श्री महेश गागड़ा, डॉ. देवेंद्र महला, श्री गिरिवर ठाकुर, श्री हृदय राम कोसमा, श्री मिथीर राम सलेंद्र सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।
