किसानों के हित में 11 परियोजनाओं के लिए लगभग 199.50 करोड़ रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने सुशासन के दो वर्षों में जशपुर जिले के कृषि और ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। जिले में किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं के लिए कुल 199 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और किसानों की आय को स्थायी मजबूती मिलेगी।
बैराज, एनीकट और तालाब योजनाओं को मिली मंजूरी
प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जशपुर जिले में बैराज, एनीकट, तालाब एवं व्यपवर्तन योजनाओं के निर्माण, मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इससे जिले के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और खेती की वर्षा पर निर्भरता में बड़ी कमी आएगी।
प्रमुख स्वीकृत सिंचाई परियोजनाएं
जशपुर जिले के लिए स्वीकृत योजनाओं में प्रमुख रूप से—
- मैनी नदी, बगिया स्थित बैराज उद्वहन सिंचाई योजना – ₹79.37 करोड़
- कुनकुरी ईब व्यपवर्तन योजना (मरम्मत एवं जीर्णोद्धार) – ₹37.09 करोड़
- सहसपुर तालाब योजना – ₹4.27 करोड़
- डुमरजोर (डुमरिया) व्यपवर्तन योजना – ₹10.36 करोड़
- तुबा एनीकट योजना – ₹2.67 करोड़
- बारो एनीकट योजना – ₹7.06 करोड़
- मेडरबहार तालाब योजना – ₹5.00 करोड़
- पमशाला एनीकट योजना – ₹28.02 करोड़
- कोनपारा तालाब (दलटोली डेम) मरम्मत एवं जीर्णोद्धार – ₹3.47 करोड़
- अंकिरा तालाब मरम्मत एवं जीर्णोद्धार – ₹3.47 करोड़
- कोकिया व्यपवर्तन योजना – ₹16.17 करोड़
खरीफ और रबी फसलों को मिलेगा भरपूर पानी
इन सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के कई गांवों में खरीफ और रबी दोनों फसलों के लिए पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी। किसानों को नियमित सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे फसल उत्पादन बढ़ेगा और कृषि एक स्थायी आजीविका का मजबूत आधार बनेगी।
किसानों के हित सर्वोपरि : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सिंचाई, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। जशपुर जिले को मिली ये सिंचाई सौगातें सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और जनकल्याणकारी नीतियों का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जशपुर जिले के किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
