मलेशिया में 13 से 19 सितम्बर तक आयोजित अंडर-16 विमेंस एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस टीम में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्या रंगारी भी शामिल रहीं। भारतीय टीम ने फाइनल में रोमांचक मुकाबले में ईरान को 67-66 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। महासमुंद लौटने पर दिव्या रंगारी का जगह-जगह स्वागत एवं सम्मान किया गया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि साहू, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा, शिक्षा अधिकारी विजय लहरें सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने दिव्या को बधाई दी।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में लगातार शानदार खेल दिखाया—ईरान, उज्बेकिस्तान, समोआ और इंडोनेशिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया और अंत में 1 अंक से जीत दर्ज कर इतिहास रचा। 2017 के बाद पहली बार भारतीय टीम ने डिवीजन बी से प्रमोट होकर डिवीजन ए में प्रवेश किया।
भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ की दिव्या रंगारी के अलावा विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी शामिल रहीं। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने दिव्या और भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं।
नगर में रैली और स्वागत
महासमुंद पहुंचने पर दिव्या रंगारी का नगर में रैली निकालकर भव्य स्वागत किया गया। चौक-चौराहों पर जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, सामाजिक संगठनों और खेल संघों ने उनका अभिनंदन किया। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने भी दिव्या का स्वागत किया।