9 करोड़ 11 लाख की लागत से क्षेत्र को तकनीकी शिक्षा की मिलेगी नई उड़ान
चिरमिरी में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 9 करोड़ 11 लाख 44 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन शासकीय पॉलिटेक्निक चिरमिरी भवन का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर निगम चिरमिरी के महापौर श्री रामनरेश राय, नगर निगम सभापति श्री संतोष सिंह एवं एमआईसी सदस्य श्री मनोज डे विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नागरिक तथा पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही, जिससे आयोजन गरिमामय और भव्य रूप में संपन्न हुआ।
अत्याधुनिक भवन, आधुनिक सुविधाएं
अपने संबोधन में मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नवीन शासकीय पॉलिटेक्निक भवन अत्याधुनिक अधोसंरचना, आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लासरूम एवं उन्नत शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का सशक्त मंच मिलेगा।
मैकेनिकल एवं GIS/GPS की दो नई शाखाओं की घोषणा
मंत्री श्री जायसवाल ने यह भी घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से संस्थान में मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं GIS/GPS की दो नई शाखाएं प्रारंभ की जाएंगी। इन नई शाखाओं के शुरू होने से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों, औद्योगिक आवश्यकताओं और प्रतिस्पर्धी कौशल विकास से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षाविदों ने नवीन पॉलिटेक्निक भवन निर्माण एवं नई शाखाओं की शुरुआत को चिरमिरी एवं आसपास के क्षेत्र के शैक्षणिक और तकनीकी विकास के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।
