अटलजी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकहित के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण – मुख्यमंत्री
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। अपने दूरदर्शी नेतृत्व, संवेदनशील सोच और लोकहितकारी निर्णयों के कारण वे देशवासियों के हृदय में सदैव अमर रहेंगे। उन्होंने राजनीति को सेवा, संवाद और सहमति का सशक्त माध्यम बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का उनका संकल्प आज भी शासन की नीतियों का मूल आधार है। यही भावना छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं और निर्णयों में परिलक्षित होती है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सुशासन को सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाओं की आपूर्ति और जनविश्वास की पुनर्स्थापना हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह पूरी यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरित है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटलजी के आदर्शों—ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास—को अपने जीवन में अपनाएं और विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
इस अवसर पर विधायक श्री किरण सिंह देव भी उपस्थित रहे।
