फरवरी में छत्तीसगढ़ में होगा आयोजन, 7 खेलों में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
रायपुर छत्तीसगढ़ की मेजबानी में देश में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आज मशाल गौरव यात्रा का शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय से मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह मशाल गौरव यात्रा राज्य के सभी जिलों का भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान आयोजन के शुभंकर मोरवीर, थीम-सांग और मशाल के माध्यम से आमजन को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की जानकारी दी जाएगी, जिससे प्रदेशभर में खेलों के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़े।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर राज्य को मिला है। उन्होंने इसके लिए भारत सरकार एवं केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और आगामी फरवरी माह में यह राष्ट्रीय स्तर का खेल आयोजन छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
खिलाड़ियों के चयन हेतु 7-8 जनवरी को होंगे ट्रायल
खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में कुल सात खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और वेट-लिफ्टिंग शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 7 एवं 8 जनवरी 2026 को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
- बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में तीरंदाजी, तैराकी एवं एथलेटिक्स के ट्रायल होंगे।
- रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती एवं वेट-लिफ्टिंग के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
मशाल गौरव यात्रा के शुभारंभ अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
