बिलासपुर: महिला से पैसों की मांग और यौन शोषण के आरोप में थाना प्रभारी कलीम खान का डिमोशन, अब उप निरीक्षक के पद पर रहेंगे एक साल
बिलासपुर। महिला से पैसे मांगने और यौन शोषण के गंभीर आरोपों में घिरे थाना प्रभारी कलीम खान पर आईजी संजीव शुक्ला ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के बाद कलीम खान को निरीक्षक पद से घटाकर उप निरीक्षक बना दिया गया है। अब उन्हें एक साल तक इसी पद पर रहकर कार्य करना होगा।
मामला उस वक्त का है जब कलीम खान बिलासपुर में थाना प्रभारी के रूप में तैनात थे। एक महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। यह शिकायत तत्कालीन एसपी दीपक झा के कार्यकाल में सामने आई थी, लेकिन इसकी जांच एसपी प्रशांत अग्रवाल के दौरान पूरी हुई।
दिल्ली धोखाधड़ी केस से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार, एक धोखाधड़ी केस में महिला के पति की गिरफ्तारी दिल्ली में की गई थी। इसी मामले में मदद का भरोसा देकर कलीम खान ने महिला से संपर्क साधा। उन्होंने पहले फोन और फिर मैसेज के जरिए मुलाकात तय की, जहां कथित रूप से उन्होंने आर्थिक लाभ और व्यक्तिगत फायदा उठाने की कोशिश की।
आईजी ने की कड़ी कार्रवाई
महिला की शिकायत के बाद मामले की गोपनीय जांच की गई, जिसमें कलीम खान दोषी पाए गए। इसके बाद आईजी संजीव शुक्ला ने कड़ा फैसला लेते हुए उन्हें निरीक्षक से पदावनत कर उप निरीक्षक बना दिया। अब कलीम खान को एक साल तक इस पद पर सेवा देना होगा।
छवि पर लगा दाग
कलीम खान को तेजतर्रार और सख्त अधिकारी के रूप में जाना जाता था, लेकिन इस घटना ने उनकी छवि को गहरा धक्का पहुंचाया है। पुलिस महकमे में यह कार्रवाई सख्ती का संकेत मानी जा रही है, ताकि अन्य अधिकारियों को भी अनुशासन का संदेश मिल सके।