आवासीय सुविधा के साथ मिलेगा रोजगार का बेहतर अवसर
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने आज बलरामपुर में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र (आरसेटी), संगवारी जेंडर संसाधन केंद्र (जीआरसी) और समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमसीटी) का विधिवत शुभारंभ किया। मंत्री नेताम ने प्रशिक्षण कक्ष, शयन कक्ष, रसोई और भोजन व्यवस्था सहित सभी सुविधाओं का निरीक्षण किया और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
प्रशिक्षण से जुड़े रोजगार के अवसर
मंत्री नेताम ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित आरसेटी ऐसा संस्थान है, जहाँ गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले बेरोजगार युवक-युवतियों और महिलाओं को व्यावसायिक एवं कौशल विकास से जुड़े प्रशिक्षण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रशिक्षार्थियों को बैंक लिंकेज के माध्यम से स्वरोजगार एवं आजीविका से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह शुरुआत धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती पर होना विशेष महत्व रखती है। केंद्रों में उपलब्ध प्रशिक्षण पूर्णतः आवासीय होंगे ताकि प्रशिक्षणार्थियों को सीखने में किसी प्रकार की बाधा न आए। मंत्री ने युवाओं और महिलाओं से गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण लेकर स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ाने का आग्रह किया।
जेंडर संसाधन केंद्र की भूमिका
जीआरसी केंद्र के माध्यम से जेंडर असमानता, कुपोषण, लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा सहित अन्य सामाजिक मुद्दों के समाधान के लिए महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर कार्य किया जाएगा।
समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र
सीएमसीटी के माध्यम से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण तथा महिलाओं के सशक्तिकरण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। मंत्री नेताम ने आमजन से आग्रह किया कि वे स्वयं प्रशिक्षण से जुड़ें और दूसरों को भी जोड़ने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री नेताम ने राजमिस्त्री प्रशिक्षण, बीमा सखी प्रशिक्षण सहित अन्य कौशलों में सफल 10 चयनित प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम में उपस्थित
रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, कृषि समिति अध्यक्ष बद्री यादव, नगरपालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, कलेक्टर राजेंद्र कटारा, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य अनीता मरकाम, नगरपालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी समेत अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र (आरसेटी)
- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित
- 60 से अधिक स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण: ब्यूटी पार्लर, फास्ट फूड मेकिंग, सिलाई, मुर्गीपालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन आदि
- आवासीय और निःशुल्क प्रशिक्षण
- युवाओं को तकनीक एवं कौशल देकर रोजगार से जोड़ने की पहल
संगवारी जेंडर संसाधन केंद्र (जीआरसी)
- स्व-सहायता समूह की महिलाओं हेतु
- जेंडर जागरूकता, स्वास्थ्य, पोषण, घरेलू हिंसा, महिला प्रताड़ना जैसे मुद्दों पर कार्य
- संबंधित विभागों के साथ समन्वय द्वारा समाधान
समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमसीटी)
- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के विभिन्न आवासीय प्रशिक्षणों हेतु सुविधायुक्त भवन
- संकुल स्तरीय संगठन द्वारा संचालित
- एनआरएलएम से जुड़े समूह सदस्यों के क्षमता-वर्धन प्रशिक्षण आयोजित
