मितानिनों को दिया समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा
सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत रामगढ़ में मितानिनों द्वारा आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मितानिनों को सम्मानित करते हुए कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे सशक्त और भरोसेमंद कड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण स्वास्थ्य तंत्र की धुरी मितानिन बहनें हैं और सरकार उनके हर प्रयास में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
सम्मेलन में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। उदयपुर विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों से 389 मितानिन, 20 मितानिन प्रशिक्षक, दो ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर तथा पांच विकासखंड समन्वयक सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर की स्वास्थ्य समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों तक पहुँचाना रहा।
मितानिनों ने क्षेत्र की स्वास्थ्य चुनौतियों से अधिकारियों को अवगत कराया, पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने तथा ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति को सक्रिय बनाने पर जोर दिया। जिला समन्वयक अर्चना कुशवाहा ने बताया कि मितानिनें मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के माध्यम से समुदाय को सशक्त बना रही हैं। विकासखंड समन्वयक गायत्री श्रीवास्तव एवं मानकुंवर प्रजापति ने मितानिनों को स्वास्थ्य तंत्र की मजबूत कड़ी बताया।
इस वर्ष विभिन्न विभागों से संबंधित कुल आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें स्वास्थ्य विभाग के 85, महिला एवं बाल विकास के 26, पीएचई के 12, खाद्य विभाग के 12, जनपद स्तर के 25, पुलिस के 8, विद्युत के 5, शिक्षा के 5, सेंट्रल बैंक के 5 तथा विधायक स्तर के 7 आवेदन शामिल हैं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति से आयोजन और भी प्रभावी रहा।
