कलेक्टर ने किसान अनंत मंडल का किया स्वागत, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा समर्थन मूल्य
राज्य शासन के निर्देशानुसार सरगुजा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महापर्व आज से प्रारंभ हो गया। शुभारंभ आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित नमनाकला से किया गया, जहां कलेक्टर ने पहले दिन धान बेचने पहुंचे किसान अनंत मंडल का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। पूजा-अर्चना के साथ विधिवत खरीदी प्रक्रिया शुरू की गई।
व्यवस्थाओं का निरीक्षण
कलेक्टर ने तौल प्रणाली, मापक यंत्र, बारदाना, कंप्यूटर सिस्टम और इंटरनेट की उपलब्धता सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी किसान को टोकन, तौल या भुगतान में समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही कहा कि सभी केंद्रों में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि किसान कम समय में अपना धान बेच सकें।
जिले की तैयारियां
- पंजीकृत किसान: 55,937
- धान का रकबा: लगभग 58,219 हेक्टेयर
- संचालित धान उपार्जन केंद्र: 54
- प्रत्येक केंद्र में नवीन प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति
- सुरक्षा और निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल तैनात
- धान खरीदी अवधि: 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026
पहला धान बेचने वाले किसान
किसान अनंत मंडल ने बताया कि उनका कुल 78 क्विंटल धान है, जिसमें से आज 20 क्विंटल का पहला टोकन कटवाया है। उन्होंने कहा कि वे जिले के पहले किसान हैं जिन्होंने इस वर्ष धान बेचा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर मिलने से किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी
खाद्य अधिकारी एस. बी. कांमठे, डीआरसीएस शिल्पा अग्रवाल, तहसीलदार जेयश कंवर, संयुक्त पंजीयक एन. कुजूर, नोडल अधिकारी पी.सी. गुप्ता, सीईओ सी. चंद्रकार, समिति अध्यक्ष भरोसा राम, सरपंच नारायण प्रसाद, उपसरपंच कृष्ण कुमार सिंह, पंच विकास सिंह, प्रदीप राय, सचिव कुश प्रजापति, पटवारी पंकज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
