मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कराया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
रायपुर, 26 नवम्बर 2025। संविधान दिवस के अवसर पर आज शास्त्री चौक स्थित टाउन हॉल में भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री श्री साय की उपस्थिति में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया, जिसमें उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने संविधान की महत्ता, इसके मूल सिद्धांतों और नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों का मजबूत आधार स्तंभ है। उन्होंने कहा, “आज सौभाग्य का विषय है कि हम सभी 75वां संविधान दिवस मना रहे हैं। आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ।”

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयघोष के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कहा कि संविधान एक पवित्र ग्रंथ है, जो प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, अधिकार और अभिव्यक्ति की गरिमा प्रदान करता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां एक सामान्य नागरिक भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए पंडित रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर छेदीलाल और डॉ. घनश्याम गुप्ता के योगदान को नमन किया। कार्यक्रम में संविधान पर आधारित 5 मिनट की लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें संविधान की आत्मा और देश को विकास के पथ पर अग्रसर करने में उसकी भूमिका को प्रभावी तरीके से दर्शाया गया। दर्शकों ने फिल्म की सराहना की।

कार्यक्रम में विधायक श्री राजेश मूणत, श्री पुरन्दर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, सचिव जनसंपर्क एवं संस्कृति डॉ. रोहित यादव, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
