उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 1017 सीटर नए नालंदा परिसर का किया भूमिपूजन
21 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने बसंत पंचमी के अवसर पर रायपुर में नालंदा परिसर फेज-2 का भूमिपूजन किया। एनआईटी के सामने जीई रोड किनारे 21 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस 1017 सीटर परिसर के निर्माण से उच्च शिक्षा एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। यहां ऑनलाइन एवं ऑफलाइन लाइब्रेरी के साथ उच्च गुणवत्ता की अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा तथा रायपुर की महापौर मीनल चौबे उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उपस्थित जनसमूह को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं और नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर फेज-2 में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को माता सरस्वती की कृपा प्राप्त होगी। यह परिसर इस बात का उदाहरण है कि विष्णुदेव साय सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वर्तमान नालंदा परिसर की तरह ही नया परिसर भी युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा और यहां अध्ययन करने वाले युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का नया इतिहास रचेंगे। इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए गए।
वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बसंत पंचमी के पावन अवसर पर राजधानीवासियों को यह एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व एवं स्थानीय विधायक राजेश मूणत के सतत प्रयासों के सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत ने नालंदा परिसर फेज-2 के निर्माण के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस एजुकेशन हब के माध्यम से शिक्षा के विकास का संकल्प पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों में तेजी आई है।
रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह क्षेत्र शहर का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है। आसपास स्थित शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नए नालंदा परिसर से भरपूर लाभ मिलेगा, जो उनके कैरियर निर्माण में सहायक होगा।
ऐसा होगा नया नालंदा परिसर
रायपुर नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि 21 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 1017 सीटर नालंदा परिसर फेज-2 में 90 सीटों वाला व्याख्यान कक्ष भी होगा, जो किराए पर उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही 24 घंटे का को-वर्किंग स्पेस, 950 से अधिक दोपहिया एवं 75 से अधिक चारपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा, कैफेटेरिया, जिम, स्पोर्ट्स जोन, बच्चों का खेल क्षेत्र तथा इंडोर गेम्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की कड़ी निगरानी में तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंदकुमार साहू, रायपुर नगर निगम लोककर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, जोन-7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा सहित एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
