राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक, तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम मिला
महासमुंद, जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार की गई ताजा कार्रवाई में 2250 कट्टा अवैध धान तथा धान से भरा एक ट्रक जब्त किया गया है। वहीं समिति सत्यापन के दौरान राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक एवं तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाया गया है।
बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत धान उपार्जन में अनियमितताओं की जांच हेतु संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न समितियों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में राजडेरा समिति में निर्धारित मात्रा से 2088 कट्टा धान अधिक पाया गया, जबकि तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान की कमी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में तेंदूकोना से भुरकोनी मार्ग पर अवैध रूप से लगभग 200 कट्टा धान का परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक पकड़ा गया, जिसे बुंदेली चौकी के सुपुर्द किया गया। एक अन्य कार्रवाई में उड़ीसा से लाकर खेतों व समीप की बाड़ी में डंप किए गए लगभग 1000 कट्टा धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर थाना कोमाखान को सौंपा गया। टूहलू चेकपोस्ट के पास धान से भरा एक ट्रक भी पकड़ा गया, जिसे आगे की कार्रवाई हेतु टूहलू थाना के सुपुर्द किया गया।
सरायपाली विकासखंड के ग्राम गिधामुंडा में बरतराम के गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां 1400 कट्टा धान पाया गया। जांच में 600 कट्टा धान का वारिसान पंजीयन प्रक्रियाधीन मिला, जबकि शेष 800 कट्टा धान अधिया का बताया गया, परंतु इससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। उक्त 800 कट्टा धान को मौके पर ही जब्त किया गया।
इसके अतिरिक्त सारंगढ़-घठौरा से नवागढ़ महासमुंद समिति की ओर अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टरों में लदे 250 कट्टा धान भी जब्त किए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
