मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात, 20.53 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में जशपुर जिले को एक और बड़ी सौगात मिली है। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंडरा पाठ में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी (आर्चरी सेंटर) के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद से 20.53 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
यह अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी विश्व स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं से युक्त होगी, जहाँ खिलाड़ियों को आधुनिक उपकरण, अनुभवी प्रशिक्षक तथा बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराई जाएगी। अकादमी में आउटडोर एवं वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी रेंज, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर तथा छात्रावास जैसी सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित है।

नई अकादमी के निर्माण से जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएँ मिल सकेंगी। यह पहल जशपुर को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतिभाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें विश्व पटल तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता का यह एक और सशक्त उदाहरण है।
अकादमी के शुरू होने से जशपुर न केवल खेल जगत में नई पहचान बनाएगा, बल्कि देशभर के युवा तीरंदाजों के लिए एक उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्र के रूप में भी उभरेगा। इस घोषणा से जिले के युवाओं में उत्साह का माहौल है और उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
