नववर्ष 2026 के अवसर पर जशपुर वनमण्डल द्वारा मयाली नेचर कैम्प में पर्यटकों के लिए रोमांचक एडवेंचर एवं इको-टूरिज्म गतिविधियों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वन विभाग द्वारा वन प्रबंधन समितियों के सहयोग से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और यादगार अनुभव प्रदान करना है।
घने वनों, शांत जलाशय और हरियाली से घिरे मयाली नेचर कैम्प में इस अवसर पर स्पीड बोटिंग, कायकिंग, एटीवी राइडिंग तथा क्रिकेट जैसी साहसिक गतिविधियों की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी गतिविधियों के लिए मात्र 100 रुपये प्रति गतिविधि शुल्क निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का आनंद उठा सकें।
वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार ने बताया कि सभी गतिविधियाँ प्रशिक्षित कर्मियों की निगरानी में तथा पूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ संचालित की जाएंगी। इससे पर्यटकों को रोमांच के साथ-साथ सुरक्षित वातावरण में प्रकृति के करीब समय बिताने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, स्थानीय वन प्रबंधन समितियों को रोजगार उपलब्ध कराने और जिले के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मयाली नेचर कैम्प उन लोगों के लिए आदर्श स्थल है, जो नए साल का स्वागत प्राकृतिक सौंदर्य, रोमांच और सुकून के साथ करना चाहते हैं।
वन विभाग जशपुर ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नववर्ष के अवसर पर अपने परिवार और मित्रों के साथ मयाली नेचर कैम्प पधारें, इन गतिविधियों का आनंद लें तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग प्रदान करें।
