कलेक्टर के निर्देश पर बिचौलियों के खिलाफ कड़ी निगरानी
मरवाही विकासखंड के ग्राम खुरपा के लम्नाटोला में अनाधिकृत रूप से भंडारित धान मिलने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। दो सगे भाई—नारद भैना और व्यास भैना—के घरों में लगभग 150 क्विंटल धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया, जिसे तत्काल जप्त कर गांव के सरपंच की निगरानी में सुपुर्द किया गया।
कलेक्टर के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान बिचौलियों द्वारा अवैध परिवहन और भंडारण पर सख्त नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त सूचना पर प्रशासनिक टीम ने लम्नाटोला में जांच की, जहां अनाधिकृत भंडारण की पुष्टि होने पर धान जप्त किया गया।
एसडीएम मरवाही श्री देवेन्द्र सिरमौर ने बताया कि उपार्जन केंद्रों में खपाए जाने वाले अवैध धान पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है और ऐसी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
