नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने गरियाबंद जिले के राजिम नगर पंचायत में तीन सांस्कृतिक भवनों के निर्माण हेतु 75 लाख 45 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के पश्चात विभाग द्वारा संचालनालय से स्वीकृति आदेश जारी किए गए हैं। ये कार्य चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रावधानित अधोसंरचना मद से स्वीकृत किए गए हैं।
विभाग द्वारा राजिम नगर पंचायत अंतर्गत मेला मैदान के पास कंडरा पारा में सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख 15 हजार रुपये, वार्ड क्रमांक-15 साहू पारा में सांस्कृतिक भवन के लिए 25 लाख 15 हजार रुपये तथा स्टेडियम के पास सेन समाज पारा, कंडरा पारा राजिम में सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीनों सांस्कृतिक भवनों के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
