उत्तर बस्तर कांकेर | भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार 27 नवंबर 2025 से 08 मार्च 2026 तक 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में 15 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम जिले के सभी विद्यालयों, कॉलेजों, स्वास्थ्य केन्द्रों, छात्रावासों, पुलिस थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा न्यायालयों में एक साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक संकल्प लेना है।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि उक्त दिवस पर अपने-अपने कार्यालय एवं संस्थानों में अनिवार्य रूप से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। साथ ही कार्यक्रम के फोटोग्राफ्स, उपस्थित प्रतिभागियों की संख्या एवं संक्षिप्त विवरण सहित पालन प्रतिवेदन समयसीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, शिक्षण संस्थानों एवं शासकीय अमले से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता कर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की है।
