कोंडागांव, राज्य सरकार द्वारा बस्तर की विशिष्ट जनजातीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ‘बस्तर पंडुम’ के अंतर्गत जिला स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 का आयोजन 28 एवं 29 जनवरी को स्थानीय ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
कार्यक्रम के पहले दिन 28 जनवरी को जनजातीय नृत्य, जनजातीय गीत, जनजातीय वाद्ययंत्र, जनजातीय वेशभूषा, जनजातीय आभूषण तथा जनजातीय वन औषधि का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं दूसरे दिन 29 जनवरी को जनजातीय नाट्य, जनजातीय चित्रकला, जनजातीय पेय पदार्थ, जनजातीय व्यंजन, जनजातीय शिल्पकला एवं बस्तर आंचलिक साहित्य का प्रदर्शन होगा।
बस्तर की जनजातीय कला एवं संस्कृति पर आधारित कुल 12 विधाओं में विकासखंड स्तरीय बस्तर पंडुम से चयनित 536 विजेता प्रतिभागी जिला स्तरीय आयोजन में भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर संभाग की समृद्ध लोककला, रीति-रिवाज, पारंपरिक जीवनशैली एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यह महोत्सव न केवल बस्तर के प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच प्रदान करेगा, बल्कि उनकी कला को नई पहचान भी दिलाएगा।
