उत्तर बस्तर कांकेर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए चयन ट्रायल के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सोमवार को प्रचार वैन को कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने जिले के अधिक से अधिक युवक-युवतियों को पंजीयन कर ट्रायल में भाग लेने के निर्देश दिए।
जिला खेल अधिकारी ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भाग लेने के लिए क्यूआर कोड और रजिस्ट्रेशन लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन किया जा सकता है। इसके अलावा चयन ट्रायल स्थलों पर ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ी ही इन ट्रायल में भाग लेने के पात्र होंगे। ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड/स्थानीय निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।
यह उल्लेखनीय है कि देश में पहली बार छत्तीसगढ़ की मेजबानी में खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य की ओर से भाग लेने वाली टीमों के चयन हेतु ट्रायल 6 से 8 जनवरी 2026 तक रायपुर एवं बिलासपुर में आयोजित किए जाएंगे।
सात खेल विधाओं में होंगे ट्रायल
नेशनल ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत कुल सात खेल विधाओं को शामिल किया गया है।
- रायपुर में वेट-लिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी के ट्रायल आयोजित होंगे।
- बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के लिए चयन ट्रायल किए जाएंगे।
ट्रायल का कार्यक्रम
- रायपुर (स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा)
- 6 जनवरी: सुबह 9 बजे से वेट-लिफ्टिंग
- 7 जनवरी: सुबह 9 बजे से कुश्ती
- 7 एवं 8 जनवरी: सुबह 9 बजे से फुटबॉल
- रायपुर (सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम)
- 7 एवं 8 जनवरी: सुबह 9 बजे से हॉकी
- बिलासपुर
- 7 से 8 जनवरी: एथलेटिक्स, तीरंदाजी एवं तैराकी के ट्रायल
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी पात्र जनजातीय खिलाड़ियों से अपील की है कि वे समय पर पंजीयन कर चयन ट्रायल में भाग लें और राज्य व देश का नाम रोशन करने का अवसर प्राप्त करें।
