उत्तर बस्तर कांकेर, 13 नवम्बर 2025, जाट रेजिमेंटल सेंटर, बरेली में अग्निवीर सैनिकों के विभिन्न पदों की पूर्ति हेतु भर्ती रैली का आयोजन 8 से 16 दिसम्बर 2025 तक किया जाएगा। यह जानकारी जिला सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय, कांकेर से प्राप्त हुई है। भर्ती रैली में अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, लिपिक तथा ट्रेड्समैन के पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इस भर्ती रैली में भाग लेने के लिए केवल भूतपूर्व सैनिकों एवं सेवारत सैनिकों के पुत्र तथा सगे भाई पात्र होंगे। साथ ही यह अवसर युद्ध विधवाओं के पुत्रों, जाट रेजिमेंट के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों, युद्ध के दौरान शहीद या घायल सैनिकों के पुत्रों और भाइयों के लिए भी प्रदान किया गया है।
इसके अतिरिक्त अन्य रेजिमेंटों के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों के पुत्र, भाई, कानूनी रूप से गोद लिए बच्चे, तथा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी इस भर्ती रैली में भाग लेने के पात्र होंगे।
इच्छुक उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी हेतु जिला सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय, पुराना कचहरी परिसर, कांकेर में संपर्क कर सकते हैं।
