जब बीमारी जिंदगी पर भारी पड़ने लगे और इलाज की लागत परिवार की हैसियत से बाहर हो, तब उम्मीदें टूटने लगती हैं। ऐसी ही नाजुक घड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बालिका कृतिका निषाद को छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से नया जीवन मिला।
गंभीर बीमारी से जूझ रही कृतिका के इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम में 16 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। जिला प्रशासन की तत्परता और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से यह मदद समय पर मिली, जिससे परिवार को कर्ज के बोझ से बचाते हुए बेहतर इलाज संभव हो सका।
राज्य सरकार द्वारा संचालित इस योजना के तहत गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है, जो देश की अग्रणी योजनाओं में शामिल है। यह योजना उन परिवारों के लिए संबल बनी है, जिनके लिए महंगे इलाज की कल्पना भी कठिन होती है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत कैंसर, हृदय रोग, लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट जैसे जटिल उपचार कराए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि कोई भी नागरिक केवल आर्थिक कारणों से इलाज से वंचित न रहे। कृतिका की कहानी इसी संवेदनशील सोच की जीवंत मिसाल है।
