महासमुंद, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में 1 से 3 फरवरी 2026 तक आयोजित सिरपुर महोत्सव के दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल और आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
महोत्सव स्थल पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जिला पंचायत (एनआरएलएम), कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, जल संसाधन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, वन, आदिम जाति कल्याण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सिरपुर क्षेत्र विकास प्राधिकरण सहित अनेक विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। सिरपुर क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदर्शनी के माध्यम से सिरपुर के ऐतिहासिक स्थलों की झलक प्रस्तुत की जाएगी। जनसंपर्क विभाग एलईडी और कला जत्था के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन करेगा।
प्रदर्शनी में ग्रामीण विकास, कृषि नवाचार, महिला सशक्तिकरण, पोषण अभियान, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा योजनाएं, जनजातीय विकास, पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन जैसी गतिविधियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। विभागों द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
सिरपुर महोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इन चित्रों में सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य को चित्रकला के माध्यम से दर्शाया जाएगा, जिससे पर्यटक और नागरिक सिरपुर की गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकेंगे।
