बिना दबाव और भय के मताधिकार का प्रयोग करें – प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डहरिया
महासमुंद, राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सुबह 10 बजे जिला पंचायत सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित किया गया, वहीं नव पंजीकृत मतदाताओं को ईपिक कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता डहरिया ने उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो जनता के लिए और जनता द्वारा संचालित होता है। उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्य भी प्रदान किए गए हैं। निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग की स्थापना की गई है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया स्वच्छ बनी रहे।
उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी दबाव, भय या प्रलोभन से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए सही सरकार का चुनाव आवश्यक है और मतदान इसका सबसे प्रभावी माध्यम है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मतदान का अधिकार संविधान द्वारा प्रदत्त एक महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ मूल कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कर्तव्यों के निर्वहन से ही अधिकारों का सही उपयोग संभव है।
कलेक्टर विनय लंगेह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन रखने का कार्य लगातार किया जा रहा है। महासमुंद जिले में लगभग आठ लाख मतदाता हैं और नए मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने कहा कि लोकतंत्र में सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हैं और प्रत्येक मतदाता का एक ही वोट होता है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर प्रत्येक नागरिक को मताधिकार प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत अधिक रहता है, वहीं शहरी क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू, अनुविभागीय अधिकारी अक्षा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले के सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान मतदाता अधिकार एवं जागरूकता पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ सुधा रात्रे, लेखा पटेल, हेमलता निषाद एवं अंजू प्रजापति को सम्मानित किया गया। साथ ही नव मतदाता डगेश साहू, आदित्य गोतमारे, कुणाल यादव, आयुष सोनी सहित 10 युवाओं को ईपिक कार्ड प्रदान कर बैच लगाकर सम्मानित किया गया।
