Gold and Silver Prices Fall: नई दिल्ली। सर्राफा बाजार में शुक्रवार को ऐसा उतार देखने को मिला, जिसने निवेशकों को चौंका दिया। एक दिन पहले ही रिकॉर्ड स्तर छूने वाले सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। भारी मुनाफावसूली और अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों के चलते कीमती धातुओं में अचानक बिकवाली हावी हो गई।
चांदी में सबसे बड़ी टूट
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत एक ही दिन में 20,000 रुपये (करीब 5%) गिरकर 3,84,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इससे पहले गुरुवार को चांदी ने जबरदस्त उछाल दिखाते हुए 19,500 रुपये की तेजी के साथ 4,04,500 रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो स्पॉट सिल्वर में भी भारी गिरावट दर्ज हुई। यह 12.09% यानी करीब 14 डॉलर टूटकर 101.47 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि इंट्रा-डे कारोबार में चांदी 17.5% तक फिसलकर 95.26 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर पर भी चली गई।
सोना भी नहीं बच पाया
सोने में भी बिकवाली का जबरदस्त दबाव देखने को मिला। 99.9% शुद्धता वाला सोना 14,000 रुपये (7.65%) टूटकर 1,69,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एक दिन पहले ही गुरुवार को सोना 12,000 रुपये की तेजी के साथ 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।
गिरावट के पीछे क्या हैं वजहें?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस तेज गिरावट के पीछे तीन बड़े कारण सामने आए हैं—
- लगातार तेजी के बाद संस्थागत निवेशकों की आक्रामक मुनाफावसूली।
- अमेरिका में सरकारी शटडाउन टलने से सुरक्षित निवेश (Safe Haven) की मांग में कमी।
- फेडरल रिजर्व में नए प्रमुख की नियुक्ति से ब्याज दरों में सख्ती की आशंका, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में उछाल आया।
विशेषज्ञों की चेतावनी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी, कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला और इनक्रेड मनी के विजय कप्पा का कहना है कि सोना और चांदी दोनों ही ओवरबॉट जोन में पहुंच चुके थे, ऐसे में करेक्शन आना स्वाभाविक था। विशेषज्ञों ने निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने और जल्दबाजी में फैसले न लेने की सलाह दी है।
