Bihar : सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले से सामने आया एक वीडियो समाज की संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। इस हृदयविदारक घटना में एक सड़क हादसे में छात्र की मौत हो गई, लेकिन मौके पर मौजूद कई लोग मदद करने या परिजनों को सूचना देने के बजाय सड़क पर बिखरी मछलियां लूटते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर आक्रोश जता रहे हैं।
पिकअप की टक्कर से छात्र की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, यह घटना पुपरी–बेनीपट्टी मुख्य मार्ग पर झझिहट चौक के पास शुक्रवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। मछली से लदी एक पिकअप गाड़ी ने पैदल जा रहे 16 वर्षीय छात्र रीतेश कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क पर पलट गई। इससे वाहन में लदी बड़ी-बड़ी मछलियां सड़क पर फैल गईं।
शव पड़ा रहा, लोग मछली लूटते रहे
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद युवक का शव सड़क किनारे पड़ा रहा, पुलिस के पहुंचने के बावजूद कई लोग संवेदनहीनता की सारी हदें पार करते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोग गमछे और झोले में मछलियां भरकर मौके से ले जाते दिखे। किसी ने न तो मृत छात्र को हटाने की कोशिश की और न ही उसके परिवार को सूचना देने की पहल की।
वीडियो ने झकझोरा समाज का ज़मीर
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई यूजर्स ने इसे इंसानियत के पतन का उदाहरण बताया। अविनाश सिंह सहित कई लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि स्वार्थ ने समाज से मानवीय संवेदना छीन ली है।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाला रीतेश कुमार सातवीं कक्षा का छात्र था और रोज की तरह कोचिंग के लिए घर से निकला था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता संतोष दास और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
