Under-19 World Cup 2026: नई दिल्ली। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया है। यह जीत भारत के लिए फाइनल में 10वीं बार जगह बनाने का मार्ग प्रशस्त करती है। आरोन जॉर्ज की शतकीय पारी और कप्तान आयुष म्हात्रे की महत्वपूर्ण 62 रनों की पारी ने भारतीय टीम को 42वें ओवर में रोमांचक जीत दिलाई।
सेमीफाइनल मुकाबले की झलक
जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अफगानिस्तान की पारी में फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजी की शतकीय साझेदारी ने टीम को 240 रनों के पार पहुंचाया। शिनोजादा ने 93 गेंदों में 110 रन बनाये, जबकि नियाजी ने 86 गेंदों में नाबाद 101 रन की धमाकेदार पारी खेली। भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट चटकाए।
भारत की बल्लेबाजी का जलवा
जवाब में सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी निभाई। वैभव 33 गेंदों में 68 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे और आरोन जॉर्ज ने अफगानिस्तान की उम्मीदों को खारिज कर दिया। आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों में 115 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 2 छक्के शामिल थे। विहान मल्होत्रा ने 38 और वेदांत त्रिवेदी ने 5 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भिड़ेगा और छठी बार खिताब जीतने की तैयारी करेगा। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में सबसे बड़ा टारगेट चेज करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
