उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 1 फरवरी को रतनपुर में आयोजित माघी पूर्णिमा एवं आदिवासी विकास मेला 2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रतनपुर में भव्य ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नगर पालिका भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रतनपुर एक पवित्र और पौराणिक नगरी है, जिसकी ख्याति देश-दुनिया में है। यह कभी छत्तीसगढ़ की राजधानी रही है, इसलिए इसकी गरिमा के अनुरूप विकास कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रतनपुर को कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के धार्मिक स्थलों के विकास का कार्य हुआ है, उसी तर्ज पर मां महामाया के आशीर्वाद से रतनपुर को भी संवारा जाएगा। रतनपुर के तालाबों के सौंदर्यीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है और इसे सुंदर बनाने के लिए समर्पित प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
