छत्तीसगढ़ राज्य के प्रमुख एमएसएमई संघों की प्रथम इंडस्ट्रियल कमेटी बैठक आज उद्योग भवन, रायपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के चेयरमैन राजीव अग्रवाल ने की। उन्होंने राज्य में औद्योगिक विविधीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सतत औद्योगिक विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में राज्य के 8 एमएसएमई संघों के कुल 11 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य हाल के औद्योगिक विकास कार्यों की समीक्षा करना तथा औद्योगिक वृद्धि को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एमएसएमई संघों से सुझाव प्राप्त करना था।
प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए ओ.पी. बंजारे ने इंडस्ट्रियल कमेटी के गठन को एमएसएमई संघों के साथ संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
उद्योग विभाग के निदेशक प्रभात मलिक ने विभाग द्वारा किए गए हालिया सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने भूमि डायवर्जन प्रक्रिया के सरलीकरण और सरकारी ई-मार्केटप्लेस में एमएसएमई को प्राथमिकता देने जैसे कदमों का उल्लेख किया, जिससे एमएसएमई की खरीद-बिक्री क्षमता में वृद्धि होगी।
सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार ने बताया कि औद्योगिक अवसंरचना का उन्नयन निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक में एमएसएमई संघों के प्रतिनिधियों ने इंडस्ट्रियल कमेटी की पहल की सराहना करते हुए राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में सीएसआईडीसी के कार्यकारी निदेशक संतोष भगत, मुख्य महाप्रबंधक ओ.पी. बंजारे सहित एमएसएमई संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
