राज्य शासन ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन की समय-सीमा बढ़ा दी है। इससे कैरी फारवर्ड, डूबान तथा वन पट्टाधारी जैसे विशेष श्रेणी के कृषकों को बड़ी राहत मिली है, जिनकी पंजीयन प्रक्रिया विभिन्न विभागों में लंबित थी।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब इन विशिष्ट श्रेणी के कृषकों का पंजीयन 15 दिसंबर 2025 तक सभी समितियों के समिति लॉगिन में उपलब्ध रहेगा। राज्य शासन ने सुनिश्चित किया है कि इस अवधि में पात्र किसान अपने पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर सकें और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न हों।
इस सुविधा को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों—वन एवं जलवायु परिवर्तन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, खाद्य नागरिक आपूर्ति, सहकारिता विभाग, मार्कफेड और राज्य सहकारी बैंक—को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है।
इसी क्रम में कलेक्टर हरिस एस ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों, खाद्य नियंत्रक, कृषि विभाग के उप संचालक, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और सहकारिता विभाग को शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह पहल किसानों के लिए पंजीयन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाएगी।
