लोक कला महोत्सव में लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल प्रथम, कोण्डागांव जिले का बढ़ा मान
जनजातीय गौरव दिवस 2025 के अवसर पर सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में कोण्डागांव जिले की लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सबका दिल जीत लिया। अपनी बेहतरीन प्रस्तुति के दम पर इस नृत्य दल ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
समारोह में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने विजेता नृत्य दल को सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर कोण्डागांव कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने दल को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले की समृद्ध जनजातीय कला-संस्कृति और कलाकारों की मेहनत का प्रमाण है।
मेहनत और संघर्ष के बाद मिली बड़ी उपलब्धि
नृत्य दल की सदस्य आरती नेताम, निवासी हरवेल, ने जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि पंचायत स्तर से शुरू हुआ उनका सफर अब राज्य स्तर तक पहुँच गया है। उन्होंने कहा,
“हमने हर मंच पर पूरे समर्पण से प्रस्तुति दी। राष्ट्रपति जी के हाथों मिला सम्मान हमारे लिए अविस्मरणीय पल है। जिला प्रशासन से मिले सहयोग के लिए हम आभारी हैं।”
उल्लेखनीय है कि कोण्डागांव की यह टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद राज्य स्तरीय मंच के लिए चयनित हुई थी। कार्यक्रम में उनकी प्रस्तुत मांदरी नृत्य शैली ने दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
