राजधानी रायपुर और ट्विन सिटी भिलाई–दुर्ग के बीच निर्बाध और तेज आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सिरसा गेट चौक तथा खुर्सीपार गेट चौक पर ग्रेड सेपरेटर बनाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इन दोनों परियोजनाओं के लिए 77 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति वित्तीय वर्ष 2025–26 की वार्षिक कार्ययोजना के तहत दी गई है।
ग्रेड सेपरेटर बनने के बाद इन दोनों व्यस्त चौकों पर वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे रायपुर और दुर्ग के बीच यात्रा समय में कमी आएगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इससे पहले कुम्हारी चौक, डबरापारा, पावर हाउस चौक और सुपेला चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा चुका है। सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर भी लंबे समय से ऐसी व्यवस्था की मांग की जा रही थी।
राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयास से मिली इस मंजूरी से रायपुर–भिलाई–दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलेगा। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री और औद्योगिक परिवहन गुजरता है। सभी प्रमुख चौकों पर फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेटर बनने से यातायात सुगम होगा और उद्योगों को भी राहत मिलेगी।
