पुरस्कार भी मिलेंगे, जिला विजेताओं को मिलेगा राज्य स्तरीय मंच
नवा रायपुर में अगले महीने आयोजित होने जा रहे रायपुर साहित्य उत्सव 2026 से पहले प्रदेश के सभी जिलों में महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए कहानी और कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तर पर विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे और उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ कहानी और कविता को साहित्य उत्सव के मंच पर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए जिलेवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है।
30 दिसंबर तक जमा करनी होंगी स्वरचित कविताएं और कहानियां
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थी अपनी मौलिक, अप्रकाशित एवं टंकित कविता या कहानी 30 दिसंबर 2025 तक अपने जिले के नोडल अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियाँ शामिल नहीं की जाएंगी।
प्रदेश की समृद्ध साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और युवाओं में रचनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 23–25 जनवरी 2026 को रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन नवा रायपुर में किया जा रहा है।
पुरस्कार राशि (जिला स्तर)
- पहला पुरस्कार : ₹5,100
- दूसरा पुरस्कार : ₹3,100
- तीसरा पुरस्कार : ₹1,500
- तीन प्रोत्साहन पुरस्कार : ₹1,000 प्रत्येक
पुरस्कार राशि (राज्य स्तर)
- पहला पुरस्कार : ₹21,000
- दूसरा पुरस्कार : ₹11,000
- तीसरा पुरस्कार : ₹7,000
- तीन प्रोत्साहन पुरस्कार : ₹5,100 प्रत्येक
जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त कहानियाँ और कविताएँ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
प्रतियोगिता के नियम
- कविता कम से कम 8 छंद, मौलिक एवं अप्रकाशित होनी चाहिए।
- कहानी लगभग 1200 शब्दों की, मौलिक एवं अप्रकाशित होनी चाहिए।
- प्रतिभागी किसी महाविद्यालय/विश्वविद्यालय का विद्यार्थी हो तथा आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- आवेदन के साथ कॉलेज का परिचय पत्र या प्राचार्य का प्रमाणपत्र अनिवार्य है।
- निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा।
प्रविष्टि जमा करते समय कविता/कहानी के पहले पृष्ठ और लिफाफे पर “युवा हिंदी कविता-कहानी लेखन प्रतियोगिता” अवश्य अंकित करें।
चयनित रचनाओं का संकलन प्रकाशित किया जाएगा, जिसका विमोचन रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के मंच पर किया जाएगा।
