अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी 16 टीमें ले रहीं हिस्सा
छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोशिएशन द्वारा 3 से 8 फरवरी तक रायपुर में आयोजन
मुख्यमंत्री श्री साय ने तमिलनाडु और सर्विसेस के बीच उद्घाटन मैच पूरा देखा
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। छत्तीसगढ़ राज्य व्हॉलीबॉल एसोशिएशन द्वारा 3 फरवरी से 8 फरवरी तक इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। चैंपियनशिप में भारत के लिए खेल चुके कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। रेलवे, सर्विसेस और इंडियन यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न राज्यों की टीमें इसमें भागीदारी कर रही हैं। पुरुष वर्ग में 10 तथा महिला वर्ग में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री श्री साय इंडोर स्टेडियम में रुककर तमिलनाडु और सर्विसेस के बीच हुए उद्घाटन मैच को पूरा देखते रहे। कांटे के मुकाबले वाले इस मैच के समाप्त होने के बाद ही वे स्टेडियम से निकले। विधायक सुनील सोनी भी उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देशभर से आए खिलाड़ियों का वे स्वागत करते हैं। व्हॉलीबॉल खेल टीमवर्क, सहयोग और समन्वय की भावना को मजबूत करता है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने इस खेल में प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और कौशल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का अवसर मिले, इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक अधोसंरचना और प्रशिक्षण पर निरंतर जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए कई वर्षों से बंद राज्य खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ किया गया है। ओलंपिक खेलों में राज्य के खिलाड़ी की भागीदारी पर शासन की ओर से 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की नई पहचान अब देश-दुनिया के सामने उभर रही है। पिछले दो वर्षों से राज्य में बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पहले वर्ष 1 लाख 65 हजार और दूसरे वर्ष करीब 4 लाख लोगों ने भाग लिया।
छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोशिएशन के अध्यक्ष महेश गागड़ा ने स्वागत भाषण में फेडरेशन कप के आयोजन की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव विक्रम सिसोदिया, भारतीय व्हॉलीबॉल संघ के महासचिव रामानंद चौधरी, मध्यप्रदेश व्हॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष रूद्रप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोशिएशन के सचिव हेमप्रकाश नायक, रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर, राहुल कौशिक, विनोद नायर सहित विभिन्न व्हॉलीबॉल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इन राज्यों की टीमें ले रहीं हिस्सा
37वें फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग में रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ की टीमें भाग ले रही हैं। वहीं महिला वर्ग में रेलवे, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की टीमें शामिल हैं। इनमें से कई टीमों में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी शामिल हैं।
