मेला आयोजन समिति की बैठक में तैयारियों को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
बलौदाबाजार, संत शिरोमणि गुरू घासीदास जी की जन्मस्थली एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल गुरू दर्शन एवं संत समागम मेला आयोजित किया जाएगा। यह भव्य तीन दिवसीय मेला 22 से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा।
मेला की तैयारियों को लेकर बुधवार को राजागुरु धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में मेला आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारियों और आवश्यक संसाधनों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, गुरु सोमेश बाबा, गुरु सौरभ साहेब, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, पूर्व सांसद गुहा राम अजगले, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
व्यवस्थाएं और सुविधाएं होंगी और बेहतर
धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब ने कहा कि बाबा गुरू घासीदास जी के सम्मान में आयोजित यह मेला सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जाएगा। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में इस बार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया तथा प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ फील्ड स्तर पर स्पॉट निरीक्षण की आवश्यकता भी बताई।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा मेला समिति की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किए जाने तथा राशि का आवंटन मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
सुरक्षा, सीसीटीवी और सुविधाओं पर विशेष फोकस
तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने कहा कि इस वर्ष गिरौदपुरी मेला में जिला प्रशासन द्वारा सुविधाओं को दोगुना किया गया है। उन्होंने जैतखाम परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
प्रशासनिक तैयारियों का विस्तृत खाका
कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि मेला के लिए कसडोल एसडीएम आर.आर. दुबे को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा राज्य स्तर से लगभग 26 प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जा रही है।
मेला स्थल पर पेयजल के लिए 30 लाख, 8 लाख और 75 हजार लीटर क्षमता के टंकियों की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर, महराजी, छाता पहाड़ और पंचकुंडीय स्थलों पर अलग-अलग पेयजल टंकियां रहेंगी।
इसके अलावा मेला परिसर में 250 टेप नल, 30 टैंकर, 100 स्नानघर-शौचालय, 20 चलित शौचालय, 10 जनरेटर, 24 घंटे सफाई व्यवस्था के लिए लगभग 400 कर्मचारी, 80 स्थायी शौचालय, 7 स्थानों पर 24 घंटे चिकित्सा शिविर, 10 एम्बुलेंस और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गिरौदपुरी में 6 बेड की व्यवस्था रहेगी।
मेले के दौरान मेला परिसर एवं आसपास 10 किलोमीटर की परिधि में मांस-मदिरा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
तीन लेयर सुरक्षा, 1182 पुलिसकर्मी तैनात
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि मेले के दौरान तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसमें लगभग 1182 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
मेले के लिए 30 स्थानों पर पार्किंग, मुख्य कंट्रोल रूम सहित 4 अतिरिक्त कंट्रोल रूम, सात स्थानों पर दमकल वाहन तथा ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सहायता हेतु पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94792-20392 भी सक्रिय रहेगा।
बैठक में मेला आयोजन समिति के सदस्य, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
